Top News

खतरनाक साबित हो सकता है अधूरे अंडरब्रिज पर आवागमन


कार्य पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री करेंगे लोकार्पण : वोरा

नई तहरीक : दुर्ग 

वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने विगत दिनों रेलवे और पीडब्लूडी (ब्रिज) अफसरों के साथ निमार्णाधीन रायपुर नाका और धमधा नाका अंडरब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दोनों अंडरब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। जल्द ही यह पूरा हो जाएगा। निर्माण पूरा होते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों अंडरब्रिज का लोकार्पण कराया जाएगा। इसकी तैयारी जारी है।  

उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने से पहले अंडरब्रिज पर आवाजाही करना खतरनाक साबित हो सकता है। निर्माण पूरा होने से पहले आवागमन शुरू करना निर्माण कार्य में लगे स्टाफ के अलावा नागरिकों के लिए भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। विधायक श्री वोरा ने रेलवे और पीडब्लूडी (ब्रिज) अफसरों से निर्माण कार्य जल्द पूरा करने कहा। अफसरों ने 15 दिनों में काम पूरा हो जाने की बात कही। रायपुर नाका अंडरब्रिज में पेंटिंग का काम हो रहा है। यहां पानी भरने से बचाने के लिए पंप लगाने का काम भी नहीं हुआ है। इसके अलावा अन्य कार्य बाकी हैं। वोरा ने कहा कि जब तक सभी कार्य पूरे नहीं होते, अंडरब्रिज को ट्रायल के लिए भी नहीं खोला जाएगा। सभी कार्य पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों अंडरब्रिज का लोकार्पण कराया जाएगा। 

वोरा ने अधिकारियों के साथ धमधा नाका अंडरब्रिज का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे और ब्रिज विभाग के अफसरों से सभी पेंडिंग कार्यों को शीघ्र पूरा करने कहा ताकि जल्द से जल्द आवागमन शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि दोनों अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण होने से पटरीपार की एक लाख की आबादी के साथ ही समस्त शहरवासियों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। 

ट्रायल के लिए शुरू करना खतरनाक

गौरतलब है कि पार्षद अरुण सिंह ने कहा कि अंडरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है लेकिन श्रेय की राजनीति के चक्कर में अंडरब्रिज से लोगों को आवाजाही करने नहीं दिया जा रहा है। पखवाड़ाभर पहले उन्होेंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए अंडरब्रिज खुलवाने का आग्रह किया था। उन्होंने पखवाड़ेभर बाद अंडरब्रिज से आवाजाही शुरू करने की चेतावनी भी दी थी। 15 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से अंडरब्रिज पर आवाजाही शुरू करवाने की उनकी चेतावनी को देखते हुए विधायक वोरा ने वस्तुस्थिति का जायजा लिया और कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने से पहले आवागमन शुरू करना उचित नहीं होगा। 

एमआईसी मेंबर जयश्री जोशी और एल्डरमेन राजेश शर्मा ने भी अंडरब्रिज निर्माण कार्य पूरा होने से पहले इस पर आवाजाही करने को खतरनाक बताया है। विधायक वोरा ने करीब एक घंटे तक अंडरब्रिज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने चर्चा के लिए पार्षद सिंह को भी बुलाया था, लेकिन वे नहीं आए। रेलवे और ब्रिज विभाग के अफसरों का कहना है कि फिलहाल रायपुर नाका अंडरब्रिज को ट्रायल के लिए भी चालू करना संभव नहीं है। निर्माण कार्य जारी रहने के कारण यहां आवागमन प्रारंभ होने पर कभी भी दुर्घटना हो सकती है। निरीक्षण के दौरान एमआईसी मेंबर जयश्री जोशी, एल्डरमेन राजेश शर्मा, अजय जैन, जुगमत बारीक, रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर के नायक, पी़डब्लूडी के एसडीओ ए हरियाले, सब इंजीनियर देशमुख सहित स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

Post a Comment

if you have any suggetion, please write me

और नया पुराने