मुख्य मार्ग निर्माण में समय सीमा से पहले हुई प्रकाश व्यवस्था, वोरा ने कहा, जन सुरक्षा पहली प्राथमिकता
नई तहरीक : दुर्ग
64 करोड़ की लागत से करवाए जा रहे नेहरू नगर चौक से मिनी माता चौक मुख्यमार्ग चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए जनवरी 2023 की समय सीमा तय है। निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी कारणों से शहर की जनता को अंधेरी सड़क के कारण दुर्घटना के भय का सामना करना पड़ रहा था। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने लोक निर्माण के विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से चर्चा कर त्यौहारी सीजन में यथा संभव प्रकाश व्यवस्था पूर्ण करवाने के निर्देश दिए थे जिसके फलस्वरूप मंगलवार को मुख्यमार्ग में लगने वाले 252 में से 100 पोल में दोनों ओर एलईडी लगा कर प्रकाश व्यवस्था शुरू कर दी गई। साथ ही 7 में से 5 हाई मास्ट लाइट भी पुलगांव नाला ब्रिज से राजेन्द्र पार्क चौक तक प्रकाश बिखेर रहे हैं। वोरा ने कहा, जनभावनाओं के अनुरूप वैकल्पिक व्यवस्था करवाने से लेकर समय पूर्व 100 खम्बों पर विद्युत व्यवस्था एवं 7 में से 5 हाई मास्ट शुरू करना इसका प्रमाण है। मुख्य मार्ग में 8 करोड़ से प्रकाश व्यवस्था की जानी है, जल्द ही सारे कार्य पूर्ण होंगे। महापौर धीरज बाकलीवाल ने विधायक वोरा के जनता के प्रति संकल्प की प्रशंसा करते हुए कहा कि आम तौर पर जनप्रतिनिधि दिखावे की राजनीति करते हैं, जैसा कि पूर्ववर्ती सरकार में सभी ने देखा है लेकिन विधायक वोरा के लिए जनता सर्वोपरि है। उन्होंने त्यौहार के समय में मुख्यमार्ग के बड़े हिस्से में प्रकाश व्यवस्था शुरू करवाने के लिए विधायक वोरा को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान समाजसेवी नवल अग्रवाल, एल्डरमैन राजेश शर्मा, गंजपारा दुर्गोत्सव एवं गणेश समिति के बंटी शर्मा सहित नगरवासी एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
