छत्तीसगढ़ स्टेट अंडर - 17 फीडे रेटेड चेस चैंपियनशिप 12 अप्रैल से दुर्ग में
✅ नई तहरीक : दुर्ग
ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के तत्वावधान में जिला शतरंज संघ द्वारा लोहाणा महाजन समाज के विशेष सहयोग से प्रदेश में पहली बार अंडर -17 आयु समूह की फीडे रेटिंग शतरंज चयन स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के राज्य सचिव हेमन्त खुटे व दुर्ग जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने संयुक्त रूप से बताया कि जलाराम सांस्कृतिक भवन, सिविल लाइन्स, दुर्ग में आयोजित इस स्पर्धा में 17 साल से कम आयु वर्ग के जिनका जन्म 1 जनवरी 2007 या इसके बाद हुआ हो, छत्तीसगढ़ राज्य का कोई भी खिलाड़ी भाग ले सकता है। इसके लिए खिलाड़ियों का ऑल इंडिया चेस फेडरेशन व राज्य शतरंज संघ से 2024-25 का पंजीयन आवश्यक है।
स्पर्धा के प्रथम 2 बालक व 2 बालिका खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए किया जाएगा। स्पर्धा में दोनो केटेगरी के लिए अलग - अलग पुरस्कार की व्यवस्था है। प्रथम पुरस्कार रुपए 7000 व ट्रॉफी, द्वितीय 5000 व ट्रॉफी, तृतीय 3000 व मोमेंटो और चतुर्थ 2000 व मोमेंटो प्रदान किया जाएगा। इसी तरह समान ईनाम की राशि व ट्रॉफी ओपन केटेगरी में भी प्रदान किए जाएंगे। स्पर्धा में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को ई-सर्टिफिकेट व मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
बस्तर व सरगुजा संभाग के लिए विशेष पुरस्कार
बस्तर व सरगुजा संभाग के लिए स्पेशल प्राइज के तहत 1500-1500 रुपए की नगद राशि व मोमेंटो प्रदान किया जाएगा। स्पर्धा का प्रवेश शुल्क 1000 रुपए निर्धारित है। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में शतरंज को विशेष रूप से बढ़ावा देने के लिए बस्तर व सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए एंट्री फीस में 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। अंतिम तिथि 5 अप्रैल निर्धारित है। निर्धारित तिथि के बाद 250 रुपए विलंब शुल्क देना होगा। स्पर्धा के दरमियान प्रत्येक खिलाड़ी को टाइम कंट्रोल के तहत 30 - 30 सेकंड के इंक्रीमेंट के साथ 60- 60 मिनट का समय दिया जाएगा।
स्पर्धा के मुख्य निर्णायक फीडे आर्बिटर, दुर्ग जिले के रॉकी देवांगन होंगे। स्पर्धा में सहभागिता के लिए खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन कर सकते हैं। शुल्क जमा करने या रजिस्ट्रेशन कराने संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए खिलाड़ियों को राज्य सचिव हेमन्त खुटे व मुख्य निर्णायक रॉकी देवांगन से संपर्क करने कहा गया है।