नई तहरीक : भिलाई
स्वामी श्री स्वरूपानंद सरस्वती महाविद्यालय, हुडको में कला विभाग के विद्यार्थियों द्वारा मकर संक्रांति पर्व पतंग उत्सव श्रमिक बस्ती के बच्चों के साथ उल्लास पूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ सावित्री शर्मा, प्रोफेसर शिक्षा विभाग ने कहा कि इस दिन जितना महत्व पूजा-पाठ और दान का है, उतना ही महत्व पतंग उड़ाने का भी है। इसलिए इसे पतंग पर्व भी कहते हैं। यह एक सामाजिक पर्व है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और पौराणिक मान्यता के अनुसार मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाने की परंपरा अत्यंत प्राचीन है जो भगवान श्री राम द्वारा शुरू की गई थी, जिसका निर्वहन आज भी किया जा रहा है। महाविद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, डॉ दीपक शर्मा ने पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि पतंग प्रेम, आजादी, खुशी और शुभ संदेश का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने अपने अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि पतंग उल्लास का प्रतीक है, पतंग जैसे-जैसे उड़ान पकड़ती है, व्यक्ति का मन भी चिंताओं से मुक्त होकर पतंगबाजी में लग जाता है। पतंग को ऊंचाई तक उड़ाना और उसे कटने से बचाने के लिए जतन करना, व्यक्ति को नई सोच की प्रेरणा और शक्ति प्रदान करता है। प्राचार्य डॉ हंसा शुक्ला ने कहा कि पतंग उड़ाने की मान्यता का संबंध मकर संक्रांति पर्व से है। इसके पीछे अच्छी सेहत का राज माना जाता है। संक्रांति पर सूर्य से प्राप्त होने वाली धूप स्वास्थ्यवर्धक होती है, वैज्ञानिक दृष्टि से भी इस दिन सूर्य की किरणें शरीर के लिए अमृत के समान होती हैं, जो विभिन्न रोगों को दूर करने में सहायक होती है।
कला विभाग के विद्यार्थियों एकता सिन्हा, उदित कुमार, तान्या वाघमारे, श्रवण शर्मा एवं अन्य विद्यार्थियों ने श्रमिक बस्ती के बच्चों को पतंग और लपेटा वितरित किए एवं उनके साथ पतंग उड़ा कर पर्व की खुशियों को साझा किया। पतंग उड़ाने और काटने की रेस में बच्चों एवं विद्यार्थियों ने जमकर पतंगबाजी का आनंद लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रसाद भी वितरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में कला संकाय के सहायक अध्यापक गोल्डी राजपूत एवं निधि शर्मा का विशेष योगदान रहा।
बच्चों के साथ लिया पतंगबाजी का आनंद
दुर्ग। मकर संक्राति पर एल्डरमैन राजेश शर्मा द्वारा पदमनाभपुर में पतंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान नव युवक दुर्गा समिति द्वारा बच्चों के साथ पतंग उड़ाने का आनंद लिया गया साथ ही बच्चों को स्पोर्ट्स किट भेंट किया गया। इस मौके पर एल्डरमेन राजेश शर्मा के अलावा संजीव श्रीवास्तव, राजू तिवारी, सन्तोष व समिति के सदस्य उपस्थित थे।