एक लाख पचास हजार रुपए के नकद इनाम
स्पर्धा में भाग लेने के लिए उम्र का बंधन नही
नई तहरीक : दुर्ग
महासमुंद जिला कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर की विशेष पहल से पहली बार 11 से 15 जून तक महासमुंद आॅल इंडिया ओपन रेटिंग टूर्नामेंट का आयोजन जिला मुख्यालय के वन विद्यालय में किया जा रहा है। महासमुंद जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजन की भव्य तैयारी की जा रही है। जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने बताया कि जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए रेटिंग बढ़ाने के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
उल्लेखनीय है कि ग्रीष्कालीन अवकाश में कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से खेल संघो के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की थी। इस सिलसिले में जिला शतरंज संघ के पदाधिकारियों ने कलेक्टर क्षीरसागर से सौजन्य मुलाकात कर अखिल भारतीय स्तर की स्पर्धा जिले में कराने का प्रस्ताव रखा था जिसे उन्होंने सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। गौरतलब है कि महासमुंद ट्रॉफी के पूर्व जशपुर जिले में कलेक्टर श्री क्षीरसागर शतरंज की एक बड़ी स्पर्धा करवा चुके हैं।
ग्रीष्मकालीन अवकाश को देखते हुए प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी की संभावना है। स्पर्धा में कुल 1,50,000 की नगद राशि विविध कैटेगरी में बतौर ईनाम में दी जाएगी।
स्पर्धा के टॉप टेन खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि
पहला पुरस्कार 21000 रुपए
दूसरा पुरस्कार 15000 रुपए
तीसरा पुरस्कार 10000 रुपए
चौथा पुरस्कार 7000 रुपए
पांचवा पुरस्कार 6500 रुपए
छटवां पुरस्कार 5000 रुपए
सातवां पुरस्कार 4000 रुपए
आठवां पुरस्कार 3000 रुपए और
नौंवे व दसवें स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को ढाई-ढाई हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अलावा 1000-1200, 1201 से 1400 तथा 1401 से 1600 तक रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए प्रत्येक समूह से चार-चार खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिसके तहत प्रथम पुरस्कार 2500, द्वितीय 2000, तृतीय 1500, चतुर्थ 750 रुपए शामिल है। इसी तरह स्पेशल प्राइज के रूप में अनरेटेड खिलाड़ी, वूमेन व वेटरन खिलाड़ी हेतु भी तीनों वर्गों से प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमश: 2500, 2000, 1500 व 750 रुपये की नगद राशि दी जाएगी।
विभिन्न आयु समूहों के तहत अंडर-10, 12, 14 व अंडर-16 केटेगरी में अपने-अपने आयु समूहों में प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को क्रमश: 2500, 2000, 1500, 750 रुपये की नगद राशि दी जाएगी। इनके अलावा बेस्ट महासमुन्द हेतु प्रथम तीन स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को 2500, 2000, 1500 प्रदाय किये जायेंगे। इस तरह कुल 1,50,000 की नगद राशि तथा ट्रॉफी विजयी खिलाडियों को पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे।
स्पर्धा में भाग लेने हेतु प्रवेश शुल्क 750 निर्धारित है। खिलाड़ियों के ठहरने हेतु डॉरमेट्री की निशुल्क व्यवस्था है। खिलाड़ियों का आॅल इंडिया चेस फेडरेशन से वर्ष 2022-23 हेतु पंजीयन आवश्यक है। प्रतियोगिता संबंधी विस्तृत जानकारी खिलाड़ी आॅल इंडिया चेस फेडरेशन की वेबसाइट एआईसीएफ डॉट इन पर अपलोड प्रास्पेक्टस से ले सकते हैं।
