राहुल दोहराएंगे इंदिरा गांधी का इतिहास
नई तहरीक : रायपुरमध्यप्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने देश के हालात पर आश्चर्य एवं चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि भाजपा अपनी गिरती साख को बचाने हर क्षेत्र में अति करने के भरसक प्रयास में मशगूल है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को आभास हो गया है कि भाजपा आगामी वर्ष 2024 के आम चुनाव में पराजित होने वाली है। इसके लिए भाजपा के पास एक ही विकल्प बचा है, जिसका इस्तेमाल करने में वह जरा भी संकोच नहीं कर रही है और लोकतंत्र की मर्यादा को दांव पर लगाने में गुरेज नहीं कर रही है। कांग्रेस के राहुल गांधी को एक सोची समझी साजिश के तहत तरह-तरह से परेशान किया जा रहा है। राहुल गांधी निडर हैं, उनकी वापसी भावी प्रधानमंत्री के रूप में होना तय है।
रिजवी ने कहा, वर्ष 1978 के दिसम्बर माह में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी को उस समय की सत्ताधारी जनता पार्टी (हलधर किसान चिन्ह वाली) के द्वारा गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल में डाला गया था। वही स्थिति आज राहुल गांधी के समक्ष लादी गई है, जो स्वच्छ प्रजातंत्र का मखौल है। उस समय 10 दिन तक श्रीमती गांधी को जेल में रखे जाने से पूरा भारत उद्वेलित हो गया था। आज राहुल गांधी के समक्ष भी अपनी दबंग दादी का अनुसरण करने का समय आ गया है। इंदिरा गांधी ने पूरे देश में कार के जरिए घूम-घूमकर कड़ी मेहनत करते हुए लाखों की भीड़ इकठ्ठा करते हुए अपना जनाधार एवं सहानुभूति इतनी ज्यादा अर्जित की कि जनता पार्टी की सरकार लगभग ढाई साल के भीतर ही ढह गई और इंदिरा गांधी भारी बहुमत से पुन: सत्ता में लौटी थी। ठीक वही इतिहास राहुल गांधी भी दोहराने वाले हैं।