Top News

प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 54 वीं पुण्यतिथि 18 को

नई तहरीक : दुर्ग

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सदस्य 18 जनवरी को अपने संस्थापक पिताश्री प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 54 वीं पुण्यतिथि विश्व शान्ति दिवस के रूप में मनाएंगे। विश्व के पांचों महाद्वीपों में 137 देशों में विस्तारित 8 हजार 500 सौ से भी अधिक सेवा केन्द्रों में इस अलौकिक संस्थान के दस लाख सदस्य सारा दिन आत्म चिन्तन में बिताएंगे तथा राजयोग के अभ्यास द्वारा समग्र विश्व में शान्ति का प्रकम्पन फैलाएंगे।

यह कार्यक्रम विश्वभर में एक साथ और एक ही समय पर होगा। श्रद्घाजंलि सभा का आयोजन ब्रह्माकुमारीज के बघेरा स्थित आनंद सरोवर सहित सभी सेवा केन्द्रों में किया जाएगा। इसकी शुरुआत सुबह प्रार्थना सभाओं से होगी। जिसके बाद ब्रह्माबाबा को श्रद्घाजंलि अर्पित की जाएगी, एवं परमात्मा को भोग स्वीकार कराया जाएगा। संस्था के मुख्यालय माउण्ट आबू में भी व्यापक स्तर पर श्रद्घाजंलि सभा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें भाग लेने के लिए विभिन्न देशों से हजारों लोग माउण्ट आबू पहुंच चुके हैं।

ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 18 जनवरी 1969 को पिताश्री ब्रह्माबाबा ने सम्पूर्ण अवस्था को प्राप्त कर पार्थिव देह का कलेवर त्यागा था। इसलिए यह दिवस समग्र मानव जाति के लिए दिव्यता सम्पन्न जीवन बनाने का सन्देश लेकर आता है।

 विश्व में शान्ति और सद्भावना के लिए कार्यरत ब्रह्माकुमारी संगठन ने सारे संसार में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा विश्व में की जा रही उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए इसे यूनिसेफ तथा आर्थिक एवं सामाजिक परिषद में सलाहकार का दर्जा प्रदान किया है। इसके अलावा संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1981 में विश्व शान्ति दूत पदक से भी सम्मानित किया है। 

Post a Comment

if you have any suggetion, please write me

और नया पुराने