नई तहरीक : दुर्ग
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर 3 दिसंबर को जन समर्पण सेवा संस्था एवं जवाहर नगर महिला स्व-सहायता समूह, दुर्ग-भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में बाल उद्यान, नेहरू नगर भिलाई में दिव्यांग जन का सम्मान कर उन्हें जरूरत की सामग्री वितरित की गई। साथ ही दिव्यांग जन के अधिकारों और उनके सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने लोगों को जागरुक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करने व अतिथियों का स्वागत करने से हुई। इस मौके पर कमलेश कुमार पटेल, उपसंचालक समाज कल्याण विभाग, राजकुमार गुप्ता, संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी, स्व-सहायता समूह के अध्यक्ष शान्त कुमार देठे विशेष रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्षता कर रहे जन समर्पण सेवा संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी ने कहा कि समाज में रहने वाले दिव्यांग जन को सम्मानपूर्वक एवं मानवीय गरिमा के साथ जीने के अधिकार को बढ़ावा देने प्रतिवर्ष 3 दिसंबर को विश्व विकलांग दिवस मनाया जाता है। इसके माध्यम से नागरिकों को विकलांग जन के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करने एवं उन्हें समाज की मुख्य धारा में शामिल कर उन्हें विभिन अधिकार प्रदान करने लोगों को प्रेरित किया जाता है।
राजकुमार गुप्ता ने कहा कि इस दिन को मुख्य रूप से दिव्यागजन के प्रति लोगों के व्यवहार में बदलाव लाने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक कमलेश पटेल ने दिव्यांगजन अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से लगभग 150 दिव्यांग जन उपस्थित हुए जिसमें मुख्य रूप से भिलाई, दुर्ग, बेमेतरा, पाटन, अर्जुन्दा, साजा, बालोद, अहिवारा, धमधा के दिव्यांग जन शामिल हैं।
दिव्यांगजन हुए सम्मानित
इस अवसर पर दिव्यांग होते हुए भी अपने प्रदर्शन व जीवन शैली से देश एवं प्रदेश में जिले का नाम रोशन करने वाले दिव्यांगजन को सम्मानित किया गया, इनमें अश्विन कुमार सोनवानी, देवा यादव, संगीता, अनिल कुमार, ललिता ढीमर, सचिन जैन, शिबू खान शामिल हैं। इन्हें मोमेंटों देकर सम्मानित किया गया।
जन समर्पण सेवा संस्था ने भेंट किए कंबल
जन समर्पण सेवा संस्था द्वारा अलग अलग क्षेत्रों से आए सभी दिव्यांग जन को कम्बल वितरण किया गया। जवाहर नगर महिला स्व-सहायता समूह, दुर्ग-भिलाई द्वारा सभी दिव्यांग को भोजन कराया गया।
इस मौके पर शिशु शुक्ल, सुषमा रानी, कमरून निशा, एम. राधिका, आशीष मेश्राम, कविता वर्मा, प्रकाश कश्यप, सावित्री देवांगन, शांति निषाद, संजय सेन, अख्तर खान, रवि शर्मा, राहुल राठी, बिट्टू खान, सुजल शर्मा, जानकी कुर्रे, विपिन तिवारी, दीनदयाल भारती, कृतज्ञ शर्मा, अनमोल पांडेय, पवन अग्रवाल, दद्दू ढीमर, राजेन्द्र ताम्रकार, हरीश ढीमर, शुभम सेन सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।