Top News

वेद एवं पुराणों में है कार्तिक मास की पूर्णिमा का महत्व


 
आस्था के पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा में वोरा पहुंचे शिवनाथ तट
श्रद्धालुओं की मांग पर दी जनसुविधाओं के लिए 10 लाख की स्वीकृति

नई तहरीक : दुर्ग 

देशभर में उत्साह के साथ मनाए जाने वाले कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने अलस्सुबह शिवनाथ नदी तट पहुंचकर आरती व पूजा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से भेंट मुलाकात की। 

विधायक वोरा ने शिवनाथ आचमन कर भगवान शंकर का अभिषेक किया। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म के शैव एवं वैष्णव दोनों ही मतों में कार्तिक पूर्णिमा का अपना महत्व है। जल प्रलय के दौरान वेदों की रक्षा के लिए भगवान विष्णु के प्रथम मत्स्य अवतार का अवतरण इसी दिवस होना माना जाता है। उन्होंने कहा, वेदों एवं पुराणों में कार्तिक मास की पूर्णिमा अपना खास महत्व रखती है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक लोग अपनी मान्यताओं के अनुसार इस त्योहार को मानते एवं प्रतीकात्मक गंगा स्नान करते हैं। इसके अलावा सिक्ख समाज के प्रथम गुरु श्री गुरुनानक देव जी का प्रकाश पर्व भी इसी दिन मनाया जाता है। 

श्रद्धालुओं ने कराया समस्याओं से अवगत

इस मौके पर श्रद्धालुओं ने नदी तट पर आयोजनों के दौरान होने वाली समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जिसके बाद उन्होंने विधायक निधि से वहां स्थित राम जानकी मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के साथ तट पर सुलभ निर्माण करवाने की घोषणा की। निगम अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि शिवनाथ तट पर साल भर में कई आयोजन होते हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए तट पर व्यवस्थाएं बढ़ाना आवश्यक है, सार्वजनिक शौचालय, चेंजिंग रूम जैसी मूलभूत सुविधाएं स्मार्ट सिटी की तर्ज पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पुलिस विभाग एवं एसडीआरएफ के अधिकारियों को उन्होंने मौके पर सजग रहने के निर्देश दिए। इस दौरान एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय और प्रवीण चंद्राकर आदि मौजूद थे।


Post a Comment

if you have any suggetion, please write me

और नया पुराने