कामनवेल्थ चेस चेम्पियनशिप 13 को श्रीलंका में
नई तहरीक : भिलाई
छत्तीसगढ़ शतरंज के इतिहास में पुन: एक गौरवशाली अध्याय की शुरूआत होने जा रही है। इस्पात नगरी की प्रख्यात अंतर्राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी किरण अग्रवाल को अखिल भारतीय शतरंज महासंघ ने भारतीय शतरंज टीम की कोच नियुक्त किया है। किरण इससे पूर्व 2004 में भी भारतीय शतरंज टीम की कोच बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं।
वे आगामी 13 से 23 नवम्बर तक श्रीलंका में होने जा रही कामनवेल्थ चेस चेम्पियनशिप में शामिल होने वाली 16 सदस्यीय भारतीय टीम में बतौर कोच शिरकत करेंगी। अखिल भारतीय शतरंज महासंघ द्वारा किरण अग्रवाल को कोच बनाए जाने पर प्रदेश के शतरंज खिलाडियों में हर्ष व्याप्त है। किरण के दीर्घ अनुभव का लाभ निश्चित रूप से आने वाले दिनों में प्रदेश के होनहार शतरंज खिलाडियों को मिलेगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के राज्य सचिव हेमन्त खुटे ने कहा कि शतरंज को लेकर विनोद राठी व किरण अग्रवाल देश के लिए काफी भाग्यशाली साबित हुए हंै। वर्ष 2001 में एक ओर जहां श्री राठी को विश्व जूनियर अंडर-20 भारतीय दल को एथेंस (ग्रीस) जाने का मौका मिला था। वहीं 2004 में किरण अग्रवाल को भारतीय टीम की कोच बनकर लेबनान जाने का मौका मिला जहां भारतीय टीम ने उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया था।
उल्लेखनीय है कि शतरंज ओलंपियाड के समय छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर पहुंची टार्च रिले के दौरान किरण को टॉर्च वाहक का सौभाग्य मिला था।
और भी है उपलब्धि
किरण प्रदेश की एकमात्र महिला शतरंज खिलाड़ी हैं, जिन्हें विश्व शतरंज महासंघ द्वारा वीमेन फीडे मास्टर का टाइटल दिया गया है। किरण लंदन, दुबई, जर्मनी, यूगोस्लाविया, बांग्लादेश, दोहा (कतर) आदि 15 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने प्रदर्शन से प्रतिद्वंदियों को लोहा मनवा चुकी हैं। किरण की उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने 1986 में उन्हें विक्रम एवार्ड से नवाजा है।
भारतीय टीम के खिलाड़ी
- राहुल रामकृष्ण अंडर-8
- ए. चारवी अंडर-8
- विवान विशाल साह अंडर-10
- आद्य रंगनाथ अंडर-10
- गौतम कृष्ण अंडर-12
- सुरभि गुप्ता अंडर-12
- बागवे गौरांग अंडर-14
- अनुपम श्री कुमार अंडर-14
- एम प्रवेश अंडर-16
- एस तनीषा अंडर-16
- सोहम कोमेत्रा अंडर-18
- वी रिंधिया अंडर-18
- प्रियंका अंडर-20
- पी इनियन सीनियर
- चितलांगे साक्षी सीनियर
- भाग्यश्री थिप्से सीनियर
कोच
- प्रवीण थिप्से
- व्ही रविचंद्रन
- प्रसन्नजीत दत्ता
- किरण अग्रवाल
अखिल भारतीय शतरंज महासंघ ने पुन: किरण अग्रवाल की उपलब्धियों को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें महिला टीम की कोच की जिम्मेदारी सौंपी है। आशा की जानी चाहिए कि किरण के मार्गदर्शन में भारतीय टीम विदेश की धरती पर अपना परचम लहराने में कामयाब होगी।
- ईश्वर सिंह राजपूत