दुर्ग। जिला भाजपा पदाधिकारी राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का आग्रह पत्र लेकर विधायक अरुण वोरा के घर पहुंचे। पदाधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण व आदिवासी समाज को सर्वोच्च पद पर स्थापित करने कांग्रेसी जनप्रतिनिधि से योगदान देने की बात कही। गौरतलब है कि भारत के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति के लिए 18 जुलाई को चुनाव है। भाजपा नीत गठबंधन एनडीए द्वारा घोषित महिला आदिवासी उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को व्यापक समर्थन मिले व आदिवासी समाज को प्रतिनिधित्व देकर देश के आदिवासियों को गौरान्वित करने भारतीय जनता पार्टी द्वारा कांग्रेस सहित सभी दलों से समर्थन मांगा जा रहा हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिला भाजपा के पदाधिकारियों व नेताओं ने कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के निवास पहुंचकर उन्हें महिला सशक्तिकरण की दिशा में आदिवासी महिला को सर्वोच्च स्थान तक पहुंचाने उनका समर्थन व मतदान हेतु आग्रह पत्र सौपकर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाने अपना मतदान देने का निवेदन किया। इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष कांतिलाल जैन, कल्पना जोशी, मंत्री दिनेश देवांगन, मनोज मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सतीश समर्थ, महामंत्री पोषण साहू, राकेश यादव, संदीप जैन, विजय ताम्रकार, राहुल पंडित, बंटी चौहान, पीयूष मालवीय सहित अनेक नेता उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिला मंत्री दिनेश देवांगन ने कहा कि श्रीमती मुर्मू भारत की पहली ऐसी आदिवासी महिला हैं, जिन्होंने बेहद कठिन व संघर्षमय चुनौतियों के बीच राजनीति व समाज सेवा का कार्य करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई हंै। अपने पति व पुत्रों को खोने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नही हारी बल्कि समाजसेवा व मानव सेवा को अपना कर्तव्य मानकर निरंतर कार्य करती रहीं। वे गरीब आदिवासी समाज से आने के बावजूद महिलाओं व दूसरों के लिए प्रेरणादायी हंै। ऐसे व्यक्तित्व का भारत के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पद पर विराजित होना आदिवासी समाज ही नही बल्कि दलित वंचित गरीब व सभी वर्गों के लिए अनुपम उदाहरण होगा। उन्होंने कहा, कांग्रेसी विधायको को दलगत भावना से ऊपर उठकर श्रीमती मूर्मू का समर्थन करना चाहिए।
