Top News

दीक्षा के लिए वज्र संकल्प जरूरी : आचार्य श्री

आचार्य सम्राट श्री आनंद ऋषि जी की 122 वीं जन्म जयंती मनाई गई
श्रद्धालुओं ने बड़ी तपस्या करते हुए तप भेंट की 



दुर्ग। आचार्य सम्राट श्री आनंद ऋषि जी की 122 वीं जन्म जयंती शुक्रवार को देशभर से आए श्रद्धालुओं एवं गुरु भक्त परिवारों की विशेष उपस्थिति में बांधा तालाब परिसर के आनंद समवशरण में हर्ष और उल्लास के वातावरण में मनाई गई। लगातार 9 दिनों से आचार्य सम्राट की जन्म जयंती का कार्यक्रम धर्म, ध्यान, त्याग, तपस्या, जप और अनुष्ठान के रूप में में युवाचार्य भगवंत श्री महेंद्र ऋषि जी, छत्तीसगढ़ प्रवर्तक श्री रतन मुनी, डॉक्टर सतीश मुनि, साध्वी सन्मति जी के सानिध्य में मनाई जा रही है। इस मौके पर युवाचार्य भगवंत श्री महेंद्र जी ने धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा, संयम की चादर ओढ़ने के लिए संकल्प चाहिए। संकल्प को पूर्ण करने के लिए गुरु का आशीर्वाद बेहद महत्वपूर्ण होता है। दीक्षा के लिए वज्र संकल्प की आवश्यकता होती है जो हमारे गुरु आचार्य सम्राट श्री आनंद ऋषि जी महाराज में विद्यमान थी। धर्म सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, गुरुदेव के सानिध्य में मैंने लगभग 18 वर्ष व्यतीत किए। इस अवधि में मुझे धर्म के मर्म को सीखने का अवसर मिला। गुरुदेव के साथ गुजारे कई अंतरंग संबंधो का उन्होंने बखान किया।

आचार्य सम्राट के जन्मोत्सव पर तप की भेंट

जैन समाज के सदस्यों ने श्री आनंद ऋषि के जन्मोत्सव पर बड़ी तपस्या करते हुए तप भेंट की जिनमें किरण संचेती, नंदा पारख, रोहित संचेती, अमन सुराना, लेखा संचेती, वर्धमान छतीसाबोहरा, युक्ति छतीसाबोहरा, तनिष्क बेगानी, आनंद पारख, विक्रम पारख, प्रकाश कांकरिया, सिद्धि बेगानी, राकेश संचेती, बंटी, राशि, राखी छतीसाबोहरा, श्वेता भंडारी और हर्ष देशलहरा ने तपस्या की ढेर चढ़ाकर संघ समाज एवं परिवार का नाम रोशन किया।

आचार्य सम्राट के जन्मोत्सव का कार्यक्रम देश के विभिन्न शहरों में आयोजित किया गया। इस क्रम में आचार्य आनंद ऋषि के शिष्य श्री महेंद्र ऋषि जी के सानिध्य में गुणानुवाद सभा भी शहर में आयोजित की गई जिसमें देश के विभिन्न अंचलों से आए लोगों ने अपने भाव धर्मसभा में व्यक्त किए। इनमें श्रमण संघ महिला मंडल दुर्ग युवाचार्य ग्रुप जलगांव से मनीष लुक्कड़, शशिकांत करनावट, दिलीप बेताला, सुधीर बाधमार, प्रवीण श्रीश्रीमाल, शीला श्रीश्रीमाल, बसंत बोहरा आदि शामिल हैं। 

कार्यक्रम का संचालन श्रमण संघ के मंत्री टीकम छाजेड़ तथा आभार प्रदर्शन अध्यक्ष निर्मल बाफना ने किया। आनंद जन्मोत्सव में पधारे अतिथियों के भोजन प्रसादी का लाभ भवरलाल, अभय कुमार, विक्रम कुमार व संभव कुमार पारख परिवार ने लिया। आवास एवं भोजन व्यवस्था के सहयोगी विकास चोपड़ा, अशोक रतन बोहरा, जिनेश वैध, निर्मल रतन बोहरा, टीकम बाफना, शांति लाल पारख, नेमीचंद चोपड़ा, सुधीर बाधमार, अजय नाहर रहे। 

संघ के अन्य सेवाभावी कार्यक्रमों में श्री वर्धमान सेवा मंच, श्रमण संघ, स्वाध्याय मंडल, श्रमण संघ महिला मंडल, श्रमण संघ बालिका मंडल के विशेष सहयोग से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।


Post a Comment

if you have any suggetion, please write me

और नया पुराने