भाजपा नेताओं व पार्षदों ने दिया आंदोलनरत निगम कर्मचारियों को समर्थन
नई तहरीक : दुर्ग
छत्तीसगढ़ अधिकारी, कर्मचारी फेडरेशन के तत्वाधान में महंगाई भत्ता व गृहभाड़ा सहित 2 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ विगत 5 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल में बैठे निगम कर्मचारियों को भाजपा नेताओं व पार्षदों ने पार्टी की ओर से समर्थन देते हुए उनकी मांगों को जायज बताया। भाजपा के जिला मंत्री व पूर्व सभापति दिनेश देवांगन के नेतृत्व में भाजपा मंडल अध्यक्षों व पार्षदों ने दोपहर 1 बजे निगम कार्यालय के सामने स्थित धरना पंडाल पहुंचकर अधिकारी, कर्मचारियों के आंदोलन के चलते आमजन को हो रही परेशानी और राज्य सरकार की चुप्पी व हठधर्मिता पर प्रहार करते हुए कर्मचारी विरोधी सरकार बताया। समर्थन देने वालों में चंडी शीतला मंडल भाजपा अध्यक्ष व पार्षद चंद्रशेखर चंद्राकर, गंजपारा सदर मंडल अध्यक्ष दीपक चोपड़ा, वरिष्ठ पार्षद व मंडल महामंत्री देवनारायण चंद्राकर, पार्षद ओम प्रकाश सेन, मनीष साहू, अजित वैद्य व मंडल भाजपा मंत्री जगदीश शर्मा विशेष रूप से मौजूद थे।
पूर्व निगम सभापति दिनेश देवांगन ने कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भूपेश सरकार बहुमत की ताकत के कारण निरंकुश व तानाशाही हो गई है। सरकार आम जन ही नहीं, बल्कि अपने कर्मचारियों की आवाज को भी दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, कोरोना संकटकाल में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाकर 38 प्रतिशत कर दिया है, जबकि राज्य सरकार ने महज 6 फीसद बढ़ोतरी की है। इससे आक्रोशित कर्मचारी अब जनता के कामकाज ठप्प कर विगत एक माह में दूसरी बार सड़क पर बैठकर आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के कारण जनता को होने वाली परेशानी से प्रदेश की कांग्रेस सरकार को कोई फर्क नही पड़ रहा है। भाजपा इसका पुरजोर विरोध करती है और कर्मचारियो की मांगों का समर्थन करती है। धरना प्रदर्शन को मंडल अध्यक्ष व पार्षदों ने भी सम्बोधित किया।
समर्थन देने पहुँचे भाजपा नेताओं का निगम कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष शिव शर्मा व महामंत्री अनिल सिंह सहित आंदोलनरत कर्मचारियों ने आभार प्रकट किया।
