कहा, भूपेश सरकार में जनता हलाकान, पुलिस अपराधियों पर मेहरबान
नई तहरीक : दुर्ग
पुलिस प्रशासन की नाकामी के चलते शहर के अधिकांश वार्डो में अपराधी तत्वों का उपद्रव लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके साथ ही ब्राउन शुगर, गांजा व नशे की गोली, शराब जैसे मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। नतीजतन आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रही है। यहां तक कि कत्ल और बलात्कार जैसे बड़े मामले भी सामने आ रहे हैं। इन मुद्दों को भाजपा चंडी शीतला मंडल के पदाधिकारियों ने कलेक्टर जनदर्शन में जिलाधीश पुष्पेंद्र मीणा व एसपी अभिषेक पल्लव को ज्ञापन सौंपकर अपराध व नशीले पदार्थों के धंधे पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने मांगों पर अमल न होने की सूरत में आंदोलन की चेतावनी भी दी।
ज्ञापन देने वालों में मण्डल अध्यक्ष चंद्रशेखर चन्द्राकर, महामंत्री विजय ताम्रकार, बंटी चौहान, पार्षद नरेंद्र बंजारे, कांशीराम कोसरे, चमेली साहू, दिनेश मिश्रा, कृष्णा निर्मलकर, रितेश सोनी और चंद्रकांत साहू आदि मौजूद थे।
भाजपा चंडी शीतला मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुँचे भाजपा नेताओं ने लगातार बिगड़ती जा रही कानून व्यवस्था पर प्रदेश की बघेल सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का ग़ृह जिला और गृहमंत्री का निवास शहर होने के बाद भी अपराध के बढ़ते आंकड़े समा से परे हैं। पुलिस की निष्क्रियता के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, हर दिन मारपीट और हत्या जैसी वारदात हो रही है।
मण्डल क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 1 नया पारा से वार्ड 2 राजीव नगर, मठपारा वार्ड 3 गया नगर, वार्ड 4 मरार पारा, गिरधारी नगर, शंकर नगर वार्ड 10, 11, 12, 13 विजय नगर व वार्ड 56 बघेरा तक नशे का कारोबार फैला हुआ है। पूर्व का नशे का गढ़ शंकर नगर, विजय नगर क्षेत्र था लेकिन अब पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये के चलते पूरे क्षेत्र में नशे के कारोबारियों ने अपना जाल फैला लिया है जिसके चलते अपराधिक घटनाओं में इजाफा होता जा रहा है। ताजा मामला गया नगर में सामने आया जंहा अपराधी युवक विजय चंद्राकर के खिलाफ लगातार शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया नतीजतन वहीं रहने वाले आम युवक को हथियार उठाना पड़ा। परिणाम हत्या के रूप में सामने आया। जबकि वार्ड पार्षद व पूर्व सभापति दिनेश देवांगन द्वारा पहले ही जिम्मेदार अधिकारियों से घटना की पूर्व आशंका व्यक्त की जा चुकी थी। इसके बावजूद समय रहते कोई कार्यवाही नही हुई।
भाजपा चंडी शीतला मण्डल ने अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए नशे के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों व नशे के व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अन्यथा की स्थिति में भाजपा के पदाधिकारियों ने जनता के साथ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।