हजारों भक्तों के साथ कांवड़ में जल लेकर निकले विधायक व महापौर, उतारी शिवनाथ नदी की आरती
नई तहरीक : दुर्ग
सावन के अंतिम सोमवार को विधायक निवास से प्रमुख सड़क भगवा रंग में सराबोर हो गई। शिवनाथ नदी से शहर तक बोलबम का जयकारा गूंजता रहा। विशाल कांवड़ यात्रा शिवनाथ नदी पहुंचकर संपन्न हुई। विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल सहित हजारों शिवभक्तों ने शिव मंदिर में शिवनाथ के जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।
विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारी पखवाड़ेभर से हो रही थी। नतीजा ये हुआ कि कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों की भीड़ उमड़ आई थी। सुबह 7 बजे विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व पार्षद कुलेश्वर साहू, एल्डरमेन राजेश शर्मा, जगमोहन ढीमर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर, सुमित वोरा, गोलू वर्मा सहित आम नागरिकों के साथ कांवर लेकर कावंड़ यात्रियों की भीड़ शिवनाथ नदी पहुंची। शिव भक्तों ने नदी के एनीकट में डुबकी लगाकर कांवड़ यात्रा प्रारम्भ की। इस दौरान रह-रहकर बोलबम का जयकारा गूंजता रहा। कांवड़ यात्रा में हजारों शिव भक्तों ने भक्तिपूर्ण उत्साह के साथ भाग लिया।
हजारों भक्तों के साथ कांवड़ में जल लेकर निकले विधायक वोरा व महापौर बाकलवाल ने शिवनाथ नदी की आरती की। आम नागरिकों के हित और विकास के साथ ही सभी की सुख-शांति और समृद्धि की कामना लेकर विधायक वोरा एवं महापौर बाकलीवाल भव्य कावड़ यात्रा में शामिल हुए।