सुनील शर्मा : अयोध्या
राम की नगरी उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। 23 अक्टूबर को शुरू होने वाला अयोध्या दीपोत्सव अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार है। यूपी सरकार इस साल 15 लाख दीये जलाकर दीपोत्सव को बेहद भव्य बनाएगी।
इसी परिपेक्ष में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने विगत दिनों जनपद अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव-2022 के लिए निर्धारित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी ने श्रीरामलला विराजमान का दर्शन-पूजन किया और छठवें दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को दीपोत्सव-2022 को सफल बनाने सम्बन्धित विभागों को पारस्परिक समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही दीपोत्सव-2022 के सम्बन्ध में की जा रही व्यवस्थाओं व तैयारियों की नियमित रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए।
